जशपुरनगर  :  कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने आज कांसाबेल विकासखंड के बगिया गौठान का निरीक्षण किया और स्व सहायता समूह की महिलाओं से विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
     कलेक्टर ने गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद की भी जानकारी ली। उन्होंने बड़े धान खरीदी केन्द्रों में स्व सहायता समूह का स्टॉल लगाकर समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद का विक्रय कराने के लिए कहा। बगिया के तारा स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठान में गौमूत्र से कीट नाशक दवा, डी कम्पोस्ट, केंचुआ तैयार कर रही है साथ ही उच्च गुणवत्ता के खाद भी बना रही है। महिलाओं ने बताया कि विभिन्न गोठानों को 42 हजार का केंचुआ बेंच चुके हैं अब तक 1 लाख 43 हजार खाद बेचने से समूह को अच्छा मुनाफा हो चुका है।
     रानी स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि जिला प्रशासन ने मसाला तैयार करने के लिए मशीन भी उपलब्ध कराया गया है। रानी समूह की महिलाएं अब तक 2 लाख 46 हजार रुपए का मसाला विक्रय कर चुकी हैं। इसके अतिरिक्त बगिया समूह की महिलाएं मुर्गी पालन, बकरी पालन और बाड़ी में साग-सब्जी उत्पादन से अतिरिक्त लाभ ले रही है। उल्लेखनीय है कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के लिए बगिया गौठान का भी चयन किया गया है।