नई दिल्‍ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अगर यमुना का जलस्‍तर 207.7 मीटर तक पहुंचा तो दिल्ली में चंद्रावल और वजीराबाद के वाटर ट्रीटमेंट प्‍लांट शनिवार को शुरू हो जाएंगे। साथ ही उन्‍होंने बताया कि अभी यमुना बैराज के पांच गेट बंद हैं, जिसके चलते यमुना का पानी दिल्‍ली में जितनी तेजी से आ रहा है, उतनी तेजी से निकल नहीं पा रहा है। उन्‍होंने बारिश के बाद से जारी आरोप-प्रत्‍यारोप को लेकर कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं नहीं है, हमें मिलकर काम करना है। 
केजरीवाल ने कहा कि मैं अभी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट होकर आ रहा हूं। हमारे तीन ट्रीटमेंट प्लांट  चंद्रावल, ओखला और वजीराबाद बंद हो गए थे। पानी थोड़ा नीचे हुआ है, जिसके कारण अब ओखला ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो गया है। कल सुबह तक अगर पानी का स्तर 207.7 मीटर तक भी पहुंच गया, तो बाकी दोनों ट्रीटमेंट प्लांट भी ड्राई करके चालू कर दिए जाएंगे। 
साथ ही केजरीवाल ने कहा कि यमुना बैराज के पांच गेट बंद हैं। इसके कारण, पानी जितनी तेजी से आ रहा है, उतनी तेजी से दिल्ली से बाहर नहीं निकल पा रहा है। दिल्ली के अंदर पानी रूक जा रहा है और चारों ओर फैल रहा है। उन्‍होंने कहा कि यहां नौसेना के लोग भी आए हुए हैं। वे भी पांचों गेटों को खोलने में जुटे हुए हैं। 32 में से ये पांच गेट खुल जाएंगे तो फिर दिल्ली से पानी जल्दी निकलने लगेगा।
साथ ही केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार इसका मेंटेनेंस करती है, लेकिन दिल्ली में उनकी कोई रुचि नहीं है। दशकों से ये पांचों गेट बंद पड़े हैं। हमने उनसे कई बार अपील की कि इसे हमें दे दें। अब जब ऐसी आपदा आई है तो हम फिर से इसे हरियाणा सरकार से लेने की कार्यवाही शुरू करेंगे। 
दिल्ली में बाढ़ को लेकर जारी सियासी आरोपों-प्रत्यारोपों पर केजरीवाल ने कहा कि हमने तो किसी पर आरोप नहीं लगाया। भाजपा वाले ही हमें गाली दे रहे हैं। यह तो ऐसा समय है कि सभी को एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। एक दूसरे को गालियां देने से कोई फायदा नहीं है।