भोपाल ।   मध्य प्रदेश में हर महीने पात्र महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता देने वाली लाड़ली बहना योजना इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में गेमचेंजर साबित हो सकती है। योजना पसंद की जा रही है और महज 10 दिनों में इसके लिए पंजीयन का आंकड़ा 55 लाख पार कर गया है। शासन स्तर पर अनुमान एक करोड़ महिलाओं के पंजीयन का है। पात्र हितग्राहियों की सूची मई के अंत तक प्रकाशित होगी, जबकि राशि संबंधित हितग्राही के बैंक खाते में 10 जून को भेज दी जाएगी। बता दें, प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या 2.60 करोड़ से ज्यादा है।

महिला सशक्तीकरण को लेकर भाजपा ने अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले अपनी लकीर हमेशा बड़ी रखी है। भाजपा संगठन में भी एक-तिहाई पद महिलाओं के लिए हैं, वहीं विधानसभा में भी कुल 21 महिला विधायकों में भाजपा की 14, कांग्रेस की छह और बसपा की एक विधायक हैं। स्थानीय निकायों में प्रतिनिधित्व से लेकर शासकीय सेवाओं, पुलिस और शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिवराज सरकार ने महिलाओं को 30 से 50 प्रतिशत तक आरक्षण दिया है। अपने पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना शुरू की थी। लाड़ली लक्ष्मी योजना में अब तक 44 लाख 71 हजार 87 बालिकाएं पंजीकृत हैं, जिसमें 13 लाख 55 हजार 934 हितग्राहियों को 372.69 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है। इसके दूसरे संस्करण में कालेज जाने वाली बालिकाओं को भी राशि दी जा रही है। इन छात्राओं द्वारा भी भाजपा का समर्थन करने से पार्टी के लिए सत्ता का सफर तय करना आसान ही होगा।

लाड़ली बहना योजना के लिए शुरुआती दिनों में पंजीयन की गति काफी धीमी थी। माना जाने लगा कि यह आंकड़ा 50 लाख तक भी नहीं पहुंच पाएगा, लेकिन नगरीय प्रशासन विभाग ने इस योजना के प्रचार-प्रसार में जान डाल दी। महिलाओं को पंजीयन के लिए शिविर तक पहुंचने में मदद की, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूरे प्रदेश में अलग-अलग मंचों से महिलाओं को लाड़ली बहना योजना में पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। वे महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें योजना का लाभ समझा रहे हैं। बता दें कि शिवराज सिंह की राजनीति महिला केंद्रित रही है। यही कारण है कि उनकी मामा के रूप में पहचान बनी है। इन सम्मेलनों में शिवराज द्वारा गाया जा रहा गाना "फूलों का तारों को सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है, सारी उमर हमें संग रहना है" भी महिलाओं के बीच पसंद किया जा रहा है।

इनका कहना है

लाड़ली बहना योजना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की संवेदना और भावना से उपजी है। महिला सशक्तीकरण के लिए उनके द्वारा चलाई योजनाएं देश के लिए उदाहरण बनी हैं। चुनाव बाद होने वाले सर्वे बताते हैं कि महिलाओं का वोट भाजपा को मिल रहा है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार उनके भरोसे को बनाए रखने के लिए जुटी हुई है। लाड़ली बहना योजना परिवारों की मजबूती और सामाजिक आर्थिक बदलाव का बड़ा कारण सिद्ध होगी।

- रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री, मध्य प्रदेश भाजपा