इंदौर ।    सिंगापुर-मलेशिया टूर पर गई इंदौर की रीता साहनी ( उम्र 64 वर्ष) सोमवार रात क्रूज से लापता हो गई। रीता का सोमवार को जन्मदिन था और वह पति जाकेश साहनी के साथ थी। उनके बेटे अपूर्व साहनी ने ट्वीट कर पीएमओ से मदद मांगी है। क्रूज मेंबर ने दावा किया कि रीता गिरी है। अपूर्व आस्ट्रेलिया में रहते हैं। कनक एवेन्यू निवासी जाकेश साहनी 24 जुलाई को ही सिंगापुर-मलेशिया टूर पर गए थे। बताते हैं कि 31 जुलाई को रीता का जन्मदिन था। सोमवार को वे पेगांग से सिंगापुर समुद्र के रास्ते स्पेक्ट्रम आफ द सीज नामक क्रूज से लौट रहे थे। रात में रीता का जन्मदिन मनाया और इसके बाद जाकेश सोने चले गए। जाकेश सोकर उठे तो रीता नजर नहीं आई। उन्होंने पहले खुद ही रीता को तलाशा, लेकिन वह नजर नहीं आई। क्रूज स्टाफ ने भी तलाशा, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। बाद में यह बताया कि उन्होंने रीता को गिरते हुए देखा है।

क्रूज स्टाफ नहीं बता रहा सीसीटीवी फुटेज

जाकेश ने क्रूज प्रबंधन से सीसीटीवी फु़टेज मांगे, लेकिन वह आनाकानी करता रहा। मंगलवार को जाकेश के बेटे अपूर्व ने ट्वीट कर पीएमओ से मदद मांगी। अपूर्व ने लिखा कि माता-पिता छुट्टियां बिताने क्रूज पर गए थे। क्रूज स्टाफ कुछ गिरने का दावा कर रहा है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज नहीं बता रहा। मां को तैरना नहीं आता था। दोपहर को विदेश मंत्रालय सक्रिय हुआ और जाकेश से संपर्क साधा। सांसद शंकर लालवानी ने भी विदेश मंत्रालय को अवगत करवाया। अपूर्व इंजीनियर हैं और आस्ट्रेलिया में रहते हैं। जाकेश के एक बेटे मुंबई में बेकरी का व्यवसाय करते हैं।

होटल-प्रापर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं साहनी

70 वर्षीय जाकेश साहनी का होटल राजशाही पैलेस में शेयर था। होटल कुछ साल पहले बिक गया। उनके भतीजे-भाई के कई होटल-रिसोर्ट हैं। बेकरी के कारोबार में भी उनकी भागीदारी है। जाकेश फिलहाल प्रापर्टी में निवेश कर रहे हैं। फिलहाल वे कनक एवेन्यू में रहते हैं। वे छुट्टियों में बेटों के पास मुंबई और आस्ट्रेलिया जाते रहते थे। उनके परिवार के ज्यादातर सदस्य यशवंत क्लब और डेली कालेज से भी जुड़े हैं।