बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। चांदू के पूर्व सैनिक सुरेश यादव के साथ अभद्रता और धमकाने वाले मामले में चांदू सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक हरिराम पाटनकर के खिलाफ पूर्व सैनिक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व सैनिक संघ ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को एक ज्ञापन दिया है जिसमें ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए हरिराम पर एफआईआर कराने के लिए कहा गया है। पूर्व सैनिक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि हरिराम जैसे भ्रष्ट सहकारी कर्मी को प्रशासनिक संरक्षण मिलने का ही नतीजा है कि उसके हौंसले इतने बुलंद हो गए है कि वह देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिक को डराने धमकाने लगा है। पूर्व सैनिक संघ का कहना है कि सबसे पहले सुरेश यादव के आवेदन पर एफआईआर की जाए और हरिराम द्वारा जो भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है उसकी भी जांच की जाए और उसको संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

भीमपुर की सहकारी समिति मर्या चांदू में पदस्थ सहायक प्रबन्धक हरिराम पाटनकर के खिलाफ पूर्व सैनिक संघ ने कलेक्टर एसपी से शिकायत की है। पूर्व सैनिक संघ ने आरोप लगाया कि सहायक प्रबंधक द्वारा पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष के साथ अभद्रता की गई। जिससे सम्मानित पूर्व सैनिक की भावनाएं आहत हुई है। शिकायतकर्ता सुरेश यादव ने बताया कि लगभग 1 सप्ताह पहले वह के.सी.सी. से संबंधित जानकारी लेने आ.जा. सहकारी समिति मर्या. चांदू गए थे। लेकिन सहायक प्रबन्धक द्वारा उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। सहकारी बैंक भैसदेही से जानकारी लेने कहा गया।
 जब वह 18 अप्रैल को लगभग 4 बजे जिला सहकारी समिति मर्यादित शाखा भैसदेही अपने के.सी.सी. खाता की जानकारी लेने गए तब वहां सहायक प्रबंधक हरिराम पाटणकर आकर गाली गलौच करने लगा और कालर पकड़कर मैनेजेर के केबिन से बहार निकालने लगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि  वर्ष 2020 में उनका कर्ज माफ हुआ था लेकिन इसमें भी हरिराम ने हेराफेरी की थी। बाद में मामला उजागर करने पर मेरे खातें में पैसे वापस जमा कर दिए गए थे।
 इस तरह हरिराम किसानों के साथ धोकाधड़ी करता है। एवं जानकारी मांगने पर विवाद करता है, इस तरह चांदू समिति में सहायक प्रबंधक हरिराम की मनमानी का क्षेत्रिय कृषक शिकार होते जा रहे है। पूर्व सैनिक ने आरोप लगाया कि हरीराम भ्रष्ट प्रवृत्ति का कर्मचारी है। इसके कार्यकाल की समस्त वित्तीय जांच करने पर बड़ा भ्रष्टाचार उजागर होगा। सहायक प्रबंधक हरिराम के पास जो चल एवं अचल समपत्ति हैं उसकी भी संबंधित विभाग ईओडब्लयु एवं लोकायुक्त से गहन जांच होनी चाहिए। पूर्व सैनिक संघ का आरोप है कि अपना जीवन पूरी इमानदारी एवं निष्ठा के साथ देश सेवा में देने के बाद सेवानिवृत्त होने पर हरिराम जैसे भ्रष्ट कर्मचारी पूर्व सैनिक का अपमान कर रहे हैं। यह कृत्य घोर निंदनीय है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 22 अप्रैल 2023