बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। जिस तरह से महिला वोट बैंक को लेकर दांव चले जा रहे है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस बैतूल में एक-एक सीट पर महिला उम्मीदवार उतार सकती है। वर्तमान में जो स्थितियां नजर आ रही है, उसमें यह माना जा रहा है कि आमला विधानसभा क्षेत्र से कमलनाथ निशा बांगरे पर दांव लगा सकते है। यदि ऐसा हुआ तो यह भी लगभग तय माना जा रहा है कि भाजपा भी घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र से गंगा उईके को आगे कर सकती है। वैसे आमला विधानसभा क्षेत्र में पहले भी कांग्रेस सुनीता बेले को तीन बार टिकट दे चुकी है। वहीं घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा भी गीता उईके को दो बार विधानसभा की टिकट दे चुकी है। जिसमें सुनीता बेले और गीता उईके एक-एक बार विधायक भी रह चुकी है। महिला वोट बैंक को साधने के लिए भाजपा-कांग्रेस इस बार भी बैतूल जिले में एक-एक सीट पर महिला उम्मीदवार को उतार सकती है।

- अपने आक्रामक तेवर से चर्चाओं में बनी हुई है निशा...
  बतौर डिप्टी कलेक्टर बैतूल जिले में पोस्टिंग के साथ ही निशा बांगरे ने अपनी राजनैतिक महत्वकांक्षाओं को आकार देना 
शुरू कर दिया था और इसलिए उनकी बैतूल से विदाई हुई। इसके बाद उन्होंने खुलकर राजनीति को लेकर अपने दांव पेंच दिखाना शुरू किए। नतीजा यह है कि वे फिलहाल सबसे आक्रामक और चर्चित नेता है।

- सज्जन सिंह की विरासत के दम पर है प्रबल दावेदारी...
   गंगा उईके की दावेदारी स्व. श्री सज्जन सिंह उईके की विरासत के तौर पर है। वे महिला आयोग में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी मजबूती से दावेदारी पेश की थी। इस बार उन्हें टिकट का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

- बैतूल जिले की राजनीति में चुने हुए हर पद पर महिलाओं ने दिखाया है अपना दमखम...
बैतूल जिले की राजनीति में चुने हुए जो भी पद है, उस पर महिलाओं ने अपना दमखम भरपूर दिखाया है। चाहे वह शहरी क्षेत्र में पार्षद का पद हो या नगरपालिका अध्यक्ष का या फिर पंचायत में पंच का पद हो सरपंच का पद हो या जनपद अध्यक्ष का पद हो या जिला पंचायत अध्यक्ष का पद हो हर जगह महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिला है। सांसद और विधायक जैसे पद पर भी महिलाओं को बैतूल जिले में मौका मिला है। सांसद के लिए ज्योति धुर्वे दो बार, विधायक के लिए सुनीता बेले और गीता उईके एक-एक बार विधायक रह चुकी है। वहीं लता महस्की एक बार जिला पंचायत अध्यक्ष और निर्मला वर्मा तथा मंगला मानकर एक बार जिला पंचायत उपाध्यक्ष रह चुकी है। वहीं बैतूल नगरपालिका क्षेत्र में पार्वती बाई बारस्कर दो बार अध्यक्ष और एक बार उपाध्यक्ष रह चुकी है।
नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 23 सितंबर 2023