बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। चुनाव परिणाम के बाद हार की जिम्मेदारी लेने के लिए कोई सामने नहीं आ रहा है, लेकिन जीत का क्रेडिट का खाने वाले की तो जैसे होड़ लग गई है। जिले में भाजपा की जीत को लेकर हर विधानसभा क्षेत्र से तथाकथित चाणक्य भी अलग-अलग माध्यम से पूरा क्रेडिट लेने के लिए दौड़ पड़ेे है। खैर इनके सबके बीच जब कांग्रेस और भाजपा के पिछले चुनाव के आंकड़ों की तुलना की गई तो एक बात बिल्कुल स्पष्ट नजर आ रही है कि जो भाजपा के उम्मीदवार जीते है, उसमें किसी लोकल चाणक्य की भूमिका नजर ही नहीं आती है। बल्कि इस जीत का कारण मोदी मैजिक और लाड़ली बहना को ही माना जाना चाहिए। इस श्रेय की दुकानदारी में यह सामने आ रहा है कि कांग्रेस ने अपने पिछले चुनाव वोट बैंक को कम नहीं होने दिया, बल्कि उसमें करीब 1665 वोट का इजाफा ही किया है। पिछले विधानसभा में जहां कांग्रेस को पांचों विधानसभा सीट पर कुल मिलाकर 4 लाख 35 हजार 918 वोट मिले थे, वहीं इस बार 4 लाख 37 हजार 583 वोट मिले है। इस लिहाज से देखा जाए तो कांग्रेसियों ने जोरदार मुकाबले वाला बढिय़ा चुनाव लाड़ली बहना के अंडर करंट और मोदी मैजिक की हवा के बावजूद लड़ा है।

कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपने पिछले चुनाव के वोट में कोई विशेष कमी नहीं आने दी है। यदि विधानसभावार पिछले चुनाव के तुलात्मक हिसाब-किताब देखे तो साफ नजर आता है कि यदि मोदी मैजिक और लाड़ली बहना नहीं होती तो कांग्रेस के यह उम्मीदवार 15-15 और 20-20 हजार से चुनाव जीत गए होते।

- जब हेमंत ने बढ़ाए 33157 वोट तब निलय के कम हुए 3067 वोट...
बैतूल विधानसभा जहां सबसे कांटे का मुकाबला बताया जा रहा है और जहां पर भाजपा जिले में सबसे ज्यादा वोटों से चुनाव जीती है वहां पर तमाम लाड़ली बहना के अंडर करंट और मोदी मैजिक की हवा से भाजपा के 33157 वोट बढऩे पर कांग्रेस के केवल 3067 वोट ही कम हुए।

- जब चन्द्रशेखर ने बढ़ाए 25077 वोट तब सुखदेव के कम हुए 7055 वोट...
मुलताई विधानसभा में 2018 और 2023 में मिले भाजपा और कांग्रेस की वोट का तुलनात्मक अध्ययन करे तो यह सामने आता है कि जब लाड़ली बहना अंडर करंट और मोदी मैजिक हवा से चन्द्रशेखर के 25077 वोट बढ़े तब कहीं सुखदेव पांसे के 7055 वोट ही कम हुए है।  

- मनोज मालवे ने बढ़ाए 20322 वोट वहीं योगेश के महज 13245 बढ़े...
आमला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने पिछले चुनाव के मुकाबले 20 हजार 322 वोट बढ़ाए है। जबकि एकमात्र यह ऐसी विधानसभा है जहां पर मोदी मैजिक और लाड़ली बहना होने के बावजूद 13245 वोट ही भाजपा बढ़ा पाई। ऐसी स्थिति में पिछले चुनाव के मुकाबले 4 हजार कम से जीते।

- राहुल ने 7391 वोट बढ़ाए, लेकिन गंगा के 29531 वोट बढ़ गए...
घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में मोदी मैजिक और लाड़ली बहना होने के बावजूद भी राहुल उईके ने पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 7391 वोट की वृद्धि की है। वहीं गंगा उईके ने पिछले चुनाव में गीता उईके के मुकाबले 29531 वोट बढ़ाए है। तब कहीं 4243 वोट से जीती।

- जब धरमूसिंह को 15988 वोट कम मिले तब महेेन्द्र के 23653 वोट बढ़े...
भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में धरमूसिंह के पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 15988 वोट कम हो गए है। वहीं लाड़ली बहना का अंडर करंट और मोदी मैजिक होने के बावजूद महेन्द्र सिंह चौहान के 23653 वोट ही बढ़े है। इस स्थिति में महेन्द्र सिंह चौहान 8761 वोट से ही जीत पाए।
नवल वर्मा हेडलाइन बेतुल 09 दिसम्बर 2023