बैतूल(हेडलाइन)/नवल वर्मा। अभी तक लोकसभा चुनाव में जिस तरह से कांग्रेस के स्थानीय दिग्गज अपना सुस्त रोल प्ले करते नजर आ रहे थे, वे ही शनिवार को कमलनाथ की सभा में मंच पर काफी चुस्त नजर आ रहे थे! इनकी चुस्ती देखकर सभा में मौजूद कांगे्रसी ही एक दूसरे से बात करते नजर आए कि यदि यह सब विधानसभा चुनाव की तरह ही फुर्ती और चुस्ती दिखा दे तो कांग्रेस की नैय्या ही पार लग जाए? खैर कांग्रेस की राजनीति में है इसमें हाथी के दांत दिखाने और खाने के और, इसलिए कांग्रेस इस हालत में पहुंच गई है। वहीं आम सभा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को आमसभा को संबोधित किया। वे यहां कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के समर्थन में आम सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा- आज प्रयास किया जा रहा संविधान से छेड़छाड़ की जाए। संविधान में संशोधन करें। भारतीय जनता पार्टी यह प्रयास कर रही है।उनका लक्ष्य है संविधान को बदला जाए। आप संविधान, प्रजातंत्र के रक्षक है। इस चुनाव का मायने यह है। कमलनाथ ने सभा में कहा कि छिंदवाड़ा से तुलना कीजिए किस तरह आपको उपेक्षित किया गया। 20 साल में क्या किया भाजपा ने इसे भ्रष्टाचार प्रदेश बनाया। राम मंदिर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा की वे कहते है राम मंदिर हमने बनाया।

क्या राम मंदिर का पट्टा आपके पास है। ये राम मंदिर आपके हमारे चंदे से बना। हमारी सबकी अपनी अपनी धार्मिक भावनाएं है।धर्म आचार विचार का विषय है। राजनैतिक प्रचार का विषय नही है। हम धर्म को राजनैतिक मंच पर नही लाते। मैं गर्व से कहता हूँ मैं हिंदू हूं। मैने सबसे बड़ा हनुमान मंदिर छिंदवाड़ा में बनाया पर मैने उसका कभी प्रचार नही किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान बैतूल के भाजपा सांसद रहे भाजपा प्रत्याशी डीडी उईके पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि मैं भी चालीस साल सांसद रहा। मैंने न कभी उसका नाम सुना न कभी उसका चेहरा देखा। उसने मान लिया कि बैतूल लोकसभा के लोग तो उसके बंधुआ हैं। अब आपको तय करना है की आपका भविष्य कैसे सुरक्षित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में कोई निवेश करने को तैयार नहीं प्रदेश पांच प्रदेशों से घिरा हुआ है। निवेशक कहते हैं मध्यप्रदेश में काम करना इतना मुश्किल है।यहां शुरू से इतना भ्रष्टाचार हो जाता है। बहुत सारी गारंटी दी जा रही है।

नवल वर्मा हेडलाइन बैतूल 21 अप्रैल 2024